रूस से मंगेतर को लेकर मेरठ पहुंचा युवक, विदेशियों समेत कराया होम क्वारंटीन

नई दिल्ली। पूरी दुनिया कोरोना वायरस की महामारी से जूझ रही है. अमेरिका जैसी महाशक्ति भी बेकाबू होते जा रहे हालात को संभाल नहीं पा रही है। दुनियाभर में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या 71 लाख के करीब पहुंच गई है। वैश्विक महामारी से जान गंवाने वालों की संख्या भी 4 लाख 6 हजार हो गई है। देश भर में कोरोना का कहर लगातार जारी है. स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटे में भारत में कोरोना वायरस के 9983 नए मामले सामने आए, जबकि 206 लोगों की मौत हो गई है।
इस कोरोना वायरस की महामारी के बिच हस्तिनापुर कस्बे का एक युवक रूस की रहने वाली मंगेतर के साथ अपने घर पहुंचा। उनके साथ एक अन्य युवती भी थी। सोमवार को सूचना पर सामुदायिक स्वास्थ्य विभाग के नोडल अधिकारी ने तीनों के स्वास्थ्य की जांच की। इसमें रिपोर्ट सामान्य मिली। इसके बाद चिकित्सक ने तीनों को होम क्वारंटीन कर दिया है।
कस्बे के सिविल लाइन निवासी युवक संजीव ने 2019 में रूस जाकर युवती से सगाई कर ली थी। मार्च में दोनों दिल्ली और नोएडा आए थे, लेकिन लॉकडाउन के कारण वापस नहीं जा सके। इस दौरान इन्हें रूस की एक और युवती मिल गई। वह भी लॉकडाउन के कारण वापस नहीं जा सकी थी। दोनों ने लॉकडाउन खुलने तक उसे भी अपने साथ ही रख लिया। नोडल अधिकारी डॉ. अंकुर त्यागी ने दोनों विदेशी युवतियों सहित युवक का स्वास्थ्य परीक्षण और स्क्रीनिंग की। इसमें तीनों की रिपोर्ट सामान्य आई। इस दौरान नोडल अधिकारी डॉ. अंकुर त्यागी ने बताया कि एहतियात के तौर पर तीनों को होम क्वारंटीन किया गया है। वहीं जांच के बाद तीनों ने चिकित्सकों को धन्यवाद दिया।
Comments
Post a Comment